सरायकेला-खरसावां: राजनगर थाना क्षेत्र के कोलाबड़िया गांव में नदी में डूबने से 17 वर्षीय किशोर अमन कंदीर की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी अमन कंदीर, पिता एमलेन कंदीर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है।


घटना की जानकारी मिलने पर राजनगर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि घटना से जुड़ी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आवश्यक पंचनामा तैयार करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
मृतक के पिता एमलेन कंदीर के लिखित आवेदन के आधार पर राजनगर थाने में अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस घटना के कारणों और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच कर रही है।

