मनोरंजन: एमटीवी के लोकप्रिय रियलिटी शो ‘रोडीज’ की शूटिंग के लिए अभिषेक मल्हान और नेहा धूपिया बिहार के रोहतास और सासाराम पहुंचे। इस दौरान दोनों कलाकारों ने बिहार की प्राकृतिक खूबसूरती, स्थानीय लोगों के प्यार और प्रशासन की ओर से मिले सहयोग की सराहना की।


‘फुकरा इंसान’ के नाम से मशहूर अभिषेक मल्हान बिहार की पहाड़ियों को देखकर काफी प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले यह जानकारी नहीं थी कि बिहार में इतनी खूबसूरत पहाड़ियां भी हैं। उन्होंने शूटिंग के दौरान स्थानीय लोगों से मिले प्यार और सुरक्षा व्यवस्था की भी तारीफ की।
अभिषेक ने बताया कि देर रात तक शूटिंग चलने के बावजूद टीम को प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग मिला। आने-जाने में भी किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने बिहार की पहाड़ियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। तस्वीरों को देखकर कई लोग यह पहचान नहीं पाए कि ये नजारे बिहार के हैं। इस पर अभिषेक ने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘एक बिहारी सब पर भारी।’
वहीं, नेहा धूपिया ने भी सासाराम की खूबसूरती और बिहार में मिले स्वागत की सराहना की। उन्होंने लोगों का आभार जताते हुए बोधगया के शांत और आध्यात्मिक वातावरण को भी पसंद किया। नेहा ने कहा कि ‘रोडीज’ के माध्यम से उन्हें देश के अलग-अलग हिस्सों को करीब से देखने का मौका मिलता है और वह दोबारा सासाराम आना चाहेंगी।
फिलहाल, शो की टीम बिहार में प्रतियोगियों के साथ विभिन्न टास्क की शूटिंग कर रही है। कलाकारों की प्रतिक्रियाओं से बिहार के पर्यटन स्थलों को लेकर भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ सकती है।

