यश राज फिल्म्स की नई फिल्म ‘बेपरवाह’ की घोषणा, अहान पांडे और शरवरी वाघ पहली बार साथ आएंगे नजर

Spread the love

मनोरंजन: यश राज फिल्म्स ने अपनी नई फिल्म ‘बेपरवाह’ की आधिकारिक घोषणा कर दी है। फिल्म में अहान पांडे और शरवरी वाघ पहली बार एक साथ नजर आएंगे। मेकर्स ने फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर जारी करने के साथ इसकी रिलीज डेट का भी ऐलान किया है। यह फिल्म 26 मार्च 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

‘सैयारा’ में रोमांटिक किरदार निभाने के बाद अहान पांडे इस फिल्म में एक्शन और हाई-वोल्टेज ड्रामा करते दिखाई देंगे। फिल्म को लेकर जारी शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस बार दर्शकों को अहान का एक अलग अंदाज देखने को मिल सकता है।

वहीं, शरवरी वाघ फिल्म में मुख्य भूमिका निभाएंगी। ‘मुंज्या’ की सफलता और आलिया भट्ट के साथ फिल्म ‘अल्फा’ में काम करने के बाद शरवरी लगातार चर्चा में हैं। ‘बेपरवाह’ में उनके और अहान के साथ आने से दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।

फिल्म की स्टारकास्ट में बॉबी देओल भी शामिल हैं, जो एक अहम भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा, शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे के पोते ऐश्वर्य ठाकरे इस फिल्म से अभिनय की दुनिया में कदम रखेंगे। बताया गया है कि वह फिल्म में विलेन की भूमिका निभाते नजर आएंगे।

‘बेपरवाह’ की रिलीज के लिए 26 मार्च 2027 यानी गुड फ्राइडे का दिन चुना गया है। हालांकि, फिल्म की कहानी और अन्य कलाकारों को लेकर मेकर्स की ओर से अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।