घाटशिला: सोना देवी विश्वविद्यालय में सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ किया गया। 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित इस सप्ताह की थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि (Probity for Prosperity)” है। कार्यक्रम का उद्देश्य ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक आचरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण का संदेश देना है।


विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित उद्घाटन समारोह में पदाधिकारियों, शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। कुलपति प्रोफेसर डॉ. ब्रज मोहन पाट पिंगुवा ने कहा कि सत्यनिष्ठा विश्वास की नींव है और विश्वास के माध्यम से ही सुशासन, सामाजिक स्थिरता तथा सतत समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध बदलाव की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को अपने आचरण से करनी चाहिए। विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिकता, अनुशासन और उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है।
राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. शिवचन्द्र झा ने सत्यनिष्ठा को नैतिक जागरूकता और कर्तव्यपरायणता से जुड़ा महत्वपूर्ण जीवन-मूल्य बताया। वहीं, कुलाधिपति प्रभाकर सिंह ने शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों से व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में पारदर्शिता और निष्पक्षता अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. कंचन सिन्हा ने उपस्थित लोगों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। बंगला विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंजना बनर्जी ने कार्यक्रम का संचालन किया और सप्ताह के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
सप्ताह के दौरान निबंध लेखन, पोस्टर निर्माण, स्लोगन लेखन, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, रंगोली और लघु फिल्म प्रदर्शन जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। एनएसएस के माध्यम से स्थानीय समुदाय में जागरूकता गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं। कार्यक्रम के अंत में सहायक कुलसचिव एवं कृषि विज्ञान विभाग की श्रीमती अर्चना सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

