रांची: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET-2026) एक नवंबर को आयोजित होगी। झारखंड गठन के बाद इसे राज्य की अब तक की सबसे बड़ी परीक्षाओं में से एक माना जा रहा है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली हैं। राज्यभर में बनाए गए 986 परीक्षा केंद्रों पर कुल 5.65 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा को कदाचारमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए जैक ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।


जैक अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखकर परीक्षा के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। परीक्षा केंद्रों पर निगरानी और व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।
जैक के निर्देशों के अनुसार, नकल करते या किसी अन्य अभ्यर्थी को नकल कराते पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दोषी पाए जाने पर तीन वर्ष तक की जेल और पांच लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। जुर्माना नहीं भरने की स्थिति में नौ महीने की अतिरिक्त कारावास की सजा का प्रावधान बताया गया है।
वहीं, परीक्षा संचालन से जुड़ी प्रिंटिंग प्रेस, परिवहन एजेंसी, अधिकृत व्यक्ति या कोचिंग संस्थान के अनुचित गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर दो करोड़ से 10 करोड़ रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है। ऐसे मामलों में न्यूनतम 10 वर्ष से लेकर आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान बताया गया है।
जैक ने परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी संबंधित पक्षों को नियमों का पालन करने का निर्देश दिया है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने को देखते हुए सुरक्षा और परीक्षा संचालन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

