रांची: चक्रवाती तूफान अर्नब का असर शुक्रवार को भी झारखंड के अधिकांश हिस्सों में देखने को मिला। रांची, धनबाद और जमशेदपुर समेत कई इलाकों में बारिश हुई, जबकि राज्य के पांच जिलों में भारी वर्षा दर्ज की गई। खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण रांची एयरपोर्ट से जुड़ी नौ उड़ानें प्रभावित रहीं। इनमें तीन उड़ानें रद्द हुईं, जबकि छह विमान दो से चार घंटे की देरी से पहुंचे।


मौसम केंद्र के अनुसार, लातेहार में सबसे अधिक 111.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। सिमडेगा के कुरडेग में 90.6 मिमी, पलामू में 75 मिमी, धालभूमगढ़ में 50 मिमी और चंदनकियारी में 46.2 मिमी वर्षा दर्ज हुई। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अर्नब तूफान कमजोर होकर छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर निम्न दबाव के रूप में स्थित है। इसके प्रभाव से अगले तीन दिनों में राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
रांची एयरपोर्ट पर सुबह घने कुहासे और कम दृश्यता के कारण इंडिगो की कोलकाता से आने-जाने वाली दो उड़ानें रद्द कर दी गईं। दोपहर में एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली-रांची उड़ान भी परिचालन कारणों से रद्द रही। पुणे, दिल्ली, बेंगलुरु और हैदराबाद से आने वाली छह उड़ानें दो से चार घंटे विलंब से पहुंचीं। इससे यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
धनबाद में दिनभर बादल छाए रहे और शाम को तेज बारिश हुई। निचले इलाकों में जलजमाव से आवागमन प्रभावित हुआ। शुक्रवार को रांची का अधिकतम और न्यूनतम तापमान 25.4 और 19.6 डिग्री, जमशेदपुर का 28.4 और 21.8 डिग्री तथा धनबाद का 26 और 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को रांची समेत दक्षिणी झारखंड में बादल छंटने की संभावना है, हालांकि सुबह घना कुहासा रह सकता है। वहीं, साहिबगंज, गोड्डा और पाकुड़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी के अंडमान सागर क्षेत्र में एक नया निम्न दबाव का सिस्टम भी विकसित हो रहा है।

