एनआईटी जमशेदपुर में वार्षिक खेल महोत्सव ‘ऊर्जा 2027’ का शुभारंभ, एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब रहे मुख्य अतिथि

Spread the love

जमशेदपुर: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर में शुक्रवार को वार्षिक खेल महोत्सव ‘ऊर्जा 2027’ का शुभारंभ हुआ। संस्थान की छात्र परिषद की ओर से आयोजित इस खेल महोत्सव की इस वर्ष की थीम ‘वॉर्टेक्स: व्हेयर केऑस मीट्स कंट्रोल’ रखी गई है। उद्घाटन समारोह में पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब मुख्य अतिथि और राहुल गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने की।

समारोह की शुरुआत स्वागत संबोधन और अतिथियों के परिचय से हुई। इसके बाद दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना की गई। खेल महोत्सव के औपचारिक शुभारंभ के प्रतीक के रूप में खेल मशाल प्रज्वलित की गई। मशाल को मैदान का चक्कर लगाने के बाद मुख्य मशाल तक पहुंचाया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने खेल भावना, अनुशासन, सौहार्द और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा बनाए रखने की शपथ ली।

मुख्य अतिथि डॉ. एहतेशाम वकारिब ने कहा कि खेल शारीरिक विकास के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों में संयम बनाए रखना भी सिखाते हैं। विशिष्ट अतिथि राहुल गुप्ता ने युवाओं को हर क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

संस्थान के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अपील की। समारोह में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।

कार्यक्रम में प्रो. आरवी शर्मा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अशोक कुमार, कुलसचिव प्रो. सरोज कुमार सारंगी सहित शिक्षक, विभागाध्यक्ष और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। ऊर्जा 2027 के तहत आगामी दिनों में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।