यूथ नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में झारखंड की बालिका टीम का इतिहास, पहली बार पूल एफ में बनी शीर्ष पर

Spread the love

जमशेदपुर: महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित 41वीं यूथ नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में झारखंड की बालिका टीम ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। 27 अक्टूबर से 3 नवंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में झारखंड की टीम पहली बार अपने पूल में शीर्ष स्थान पर रही। टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूल एफ का खिताब अपने नाम किया।

बालिका टीम ने ओडिशा को 64-34 से, असम को 73-13 से और पश्चिम बंगाल को 58-44 से पराजित किया। लगातार तीन जीत के साथ टीम ने पूल में अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराई। इस प्रदर्शन को झारखंड में महिला बास्केटबॉल के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम माना जा रहा है।

बालक वर्ग में भी झारखंड की टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया। टीम ने अंडमान-निकोबार को 91-15 के बड़े अंतर से हराया और मणिपुर के खिलाफ भी जीत दर्ज की। हालांकि, दो जीत के साथ बालक टीम पूल एफ में दूसरे स्थान पर रही।

दोनों टीमों के प्रदर्शन में टीम सचिव और अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच जेपी सिंह का मार्गदर्शन अहम रहा। उन्होंने राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण दिया था। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीमवर्क और बेहतर खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

बालिका टीम की यह उपलब्धि झारखंड के बास्केटबॉल इतिहास में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे राज्य के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।