नशे के कारोबार में विवाद, एक युवक की हत्या, दोस्त ने बुलाई पुलिस, दो युवक हिरासत में, हो रही है पूछताछ

Spread the love

 

Saraikela : जमशेदपुर के बिरसानगर जोन नंबर-6 स्थित टेल्को कंपनी की बाउंड्रीवाल के भीतर जंगल में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई. इस वारदात में जुगसलाई निवासी सोहेल अहमद (22 वर्ष) की बेहद नृशंस तरीके से हत्या कर दी गई, जबकि उसका साथी अब्दुल सूफियान गंभीर रूप से घायल हो गया है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस के अनुसार, विनीत नामक युवक ने सोहेल को नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी बातचीत के बहाने जंगल में बुलाया था. रविवार दोपहर करीब दो बजे सोहेल अपने दोस्त अब्दुल सूफियान के साथ बाइक से मौके पर पहुंचा था. जंगल के भीतर नाले के पास नशे के सौदे को लेकर बातचीत शुरू हुई, जो जल्द ही विवाद में बदल गई.

* पीछे से चापड़ से हमला, गला रेता, हाथ काटा- 

विवाद बढ़ते ही आरोपियों ने सोहेल पर पीछे से चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया. हमलावरों ने उसका गला रेत दिया और एक हथेली काटकर अलग कर दी. गंभीर चोटों के कारण सोहेल की मौके पर ही मौत हो गई. घटना इतनी भयावह थी कि आसपास खून फैल गया. बीच-बचाव करने पहुंचे अब्दुल सूफियान पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया. उसके सिर और पीठ पर चापड़ से गंभीर वार किए गए. हमले के बाद सभी आरोपी जंगल के भीतर फरार हो गए.

* जान बचाकर थाने पहुंचा घायल साथी- 

गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद अब्दुल सूफियान ने हिम्मत दिखाते हुए अपनी बाइक घटनास्थल पर ही छोड़ दी और टेल्को की बाउंड्रीवाल कूदकर मुख्य सड़क पर पहुंचा. वहां से उसने एक टेंपो पकड़ा और सीधे साकची थाना पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सूफियान को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया.

* दो युवक हिरासत में, पूछताछ जारी- 

डीएसपी सुनील चौधरी ने बताया कि मामले में दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक जांच में यह मामला ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. घायल सूफियान ने पुलिस को बताया कि जंगल में विनीत समेत तीन-चार युवक मौजूद थे और नशे के कारोबार को लेकर चर्चा कर रहे थे. उसने इस बातचीत का विरोध किया और कुछ दूरी पर हट गया, इसी दौरान विवाद बढ़ा और सोहेल पर पीछे से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई.

पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *