राष्ट्रपति आगमन से पहले जुगसलाई में लगी आग, फाटक गोलचक्कर के पास टायर गोदाम धू-धू कर जला

Spread the love

 

जमशेदपुर:- जमशेदपुर में आज रात जुगसलाई थाना क्षेत्र के फाटक गोलचक्कर रेलवे ट्रैक के समीप स्थित एक टायर गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ज्ञात हो कि सोमवार को ही देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जमशेदपुर आगमन प्रस्तावित है, जिसे लेकर जिला प्रशासन बीते कई दिनों से तैयारियों में जुटा हुआ है।

राष्ट्रपति के प्रस्तावित मार्ग पर अतिक्रमण हटाने, सड़क मरम्मत और सजावट का कार्य तेजी से कराया गया है। बड़े गड्ढों को भरकर सड़कों को दुरुस्त किया गया, वहीं सुरक्षा व्यवस्था की सुबह से शाम तक निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में फाटक गोलचक्कर के पास लगी टायर दुकानों को भी राष्ट्रपति आगमन से पूर्व हटाया गया था।

दुकानदारों द्वारा फुटपाथ से हटाए गए सेकेंड हैंड टायरों को रेलवे बाउंड्री के पीछे जमा कर दिया गया था। बताया जाता है कि इन्हीं टायरों में सोमवार रात आग लग गई, जो धीरे-धीरे फैलते हुए आसपास रखे अन्य सामानों तक पहुंच गई। आग की लपटें उठते देख वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

रेलवे फाटक के पास आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग को जानकारी दी गई। सूचना पाकर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे फाटक के आसपास अवैध रूप से टायर की दुकानों का संचालन लंबे समय से हो रहा है। लेकिन इसके बावजूद अवैध दुकानों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई ।

गौरतलब है कि इसी मार्ग से होकर सोमवार को राष्ट्रपति का काफिला करनडीह जाहेरथान की ओर गुजरने वाला है। ऐसे में राष्ट्रपति के आगमन से ठीक पहले हुई इस घटना ने प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *