‘बिग बॉस 19’ में छाए अभिषेक बजाज, एक्स वाइफ के आरोपों पर तोड़ी चुप्पी — कहा, “ये सब पब्लिसिटी का तरीका है”

Spread the love

मुंबई: ‘बिग बॉस 19’ में नजर आ रहे अभिनेता अभिषेक बजाज इन दिनों घर के अंदर अपने गेम के साथ-साथ बाहर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल ही में उनकी एक्स वाइफ आकांक्षा जिंदल ने उन पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद अब अभिषेक की टीम ने एक आधिकारिक बयान जारी किया है। इस बयान में अभिषेक ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि “ये सब सिर्फ पब्लिसिटी पाने का तरीका है।”

अभिषेक की टीम ने बताया कि अभिनेता को उम्मीद नहीं थी कि ‘बिग बॉस’ के दौरान उनका पुराना रिश्ता फिर से सुर्खियों में आ जाएगा। बयान में कहा गया, “मेरा नाम अब बेवजह घसीटा जा रहा है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे अपनी निजी जिंदगी पर सार्वजनिक रूप से बोलना पड़ेगा, लेकिन जब कोई सालों बाद झूठ बोलकर ध्यान खींचने की कोशिश करे, तो सच सामने रखना जरूरी हो जाता है।”

अभिषेक ने आगे कहा कि अपनी जिंदगी के उस मुश्किल दौर से निकलने में उन्हें काफी वक्त लगा और उन्होंने अपने करियर को मेहनत और ईमानदारी से दोबारा खड़ा किया है। उन्होंने कहा, “किसी का झूठ फैलाना सिर्फ इसलिए कि उसे थोड़ी फेम मिल जाए, बेहद निराशाजनक है। झूठी खबरों को जगह मत दो, सच्चाई को पहचानो और अफवाहों से दूर रहो। मैं इस वक्त ‘बिग बॉस’ हाउस के अंदर हूं, लेकिन बाहर आकर अपनी बात सबके सामने रखूंगा। रब राखा।”

वहीं दूसरी ओर, कुछ दिन पहले आकांक्षा जिंदल ने एक इंटरव्यू में कहा था कि उनकी शादी टूटने की वजह अभिषेक का बेफिक्रा और बेवफाई भरा रवैया था। उन्होंने दावा किया कि अभिषेक ने शादीशुदा होते हुए कई महिलाओं से संबंध रखे और उनके पास इसके सबूत भी हैं। इन बयानों के बाद सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया था और अभिषेक का नाम ट्रेंड करने लगा था।

विवादों के बावजूद, अभिषेक बजाज ‘बिग बॉस 19’ में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी ईमानदारी, स्पष्टता और आत्मविश्वास ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। फैंस उनके गुस्से को छोड़ दें तो पहले दिन से ही वे शो में मजबूत खिलाड़ी के रूप में उभरे हैं।

गौरतलब है कि अभिषेक बजाज टीवी और फिल्मों की दुनिया का जाना-पहचाना चेहरा हैं। उन्होंने ‘दिल देके देखो’, ‘एक नई पहचान’, और करण जौहर की फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2’ जैसी प्रोजेक्ट्स में काम किया है। अपनी फिटनेस और स्टाइलिश पर्सनैलिटी के लिए मशहूर अभिषेक अब ‘बिग बॉस’ के जरिए दोबारा लाइमलाइट में लौटते नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *