परसुडीह थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कांड संख्या 27/24 के फरार अभियुक्त लेजारों बारीक को उड़ीसा से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपी उड़ीसा के बारगढ़ जिले का रहने वाला है।


पुलिस के अनुसार, यह मामला महेश एडिबल ऑयल (सलोनी सरसों तेल) कंपनी से जुड़ा है, जहां आरोपी वर्ष 2010 से कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। कंपनी के मालिक राजेश अग्रवाल द्वारा वर्ष 2024 में हिसाब-किताब की जांच के दौरान गड़बड़ी का खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया कि आरोपी ग्राहकों से पैसे वसूलने के बाद कंपनी में जमा नहीं करता था और झूठा बहाना बनाकर कंपनी को गुमराह करता था। वर्ष 2022 से 2024 के बीच उसने इस तरह कुल 67 लाख 59 हजार रुपये की हेराफेरी की।
मामले के उजागर होने के बाद परसुडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने तकनीकी जांच और लगातार छापेमारी करते हुए उसे उड़ीसा के बारगढ़ जिले से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

