अजीम प्रेमजी फाउंडेशन छात्रवृत्ति योजना 2025: छात्राओं को मिलेगा 30 हजार वार्षिक सहयोग

Spread the love

न्यूज़ भारत 20 डेस्क :-  देश की प्रख्यात सामाजिक संस्था अजीम प्रेमजी फाउंडेशन ने छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति योजना शुरू की है जिसके तहत पात्र छात्राओं को हर वर्ष 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी जिसका उपयोग वे ट्यूशन फीस या अन्य शैक्षणिक खर्चों में कर सकेंगी। मनोहपुर स्थित फीया फाउंडेशन इस स्कॉलरशिप के पहले चरण में पंजीकरण करा रही है जहां संस्था की टीम इंटरमीडिएट स्कूलों और कॉलेजों में जाकर छात्राओं को जोड़ रही है वहीं डोंगाकाटा कार्यालय में प्रतिदिन दर्जनों छात्राएं रजिस्ट्रेशन कर रही हैं जिससे छात्राओं और अभिभावकों में उत्साह और खुशी का माहौल है। इस छात्रवृत्ति का लाभ केवल उन्हीं छात्राओं को मिलेगा जिन्होंने कक्षा 10वीं और 12वीं सरकारी स्कूल से नियमित छात्रा के रूप में पूरी की हो और जिन्होंने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से स्नातक डिग्री या डिप्लोमा (2–5 वर्ष अवधि) के प्रथम वर्ष में नियमित प्रवेश लिया हो तथा प्रवेश सरकारी या किसी विश्वसनीय निजी कॉलेज/विश्वविद्यालय में होना अनिवार्य है। यह सुविधा अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, ओडिशा, पुडुचेरी, राजस्थान, सिक्किम, तेलंगाना, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों की छात्राओं को मिलेगी। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है और केवल अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे जिसमें पहला चरण 10 सितंबर से 30 सितंबर 2025 तक और दूसरा चरण 10 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक चलेगा। फाउंडेशन के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर संजय सोरेंग ने बताया कि इस स्कॉलरशिप का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभावान छात्राओं को उच्च शिक्षा में सहयोग देना है ताकि वे बिना आर्थिक बोझ के कॉलेज की पढ़ाई पूरी कर सकें और अपने करियर को नई दिशा दे सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *