भाजपा जिला महामंत्री राकेश सिंह ने समाचारपत्र के संपादकों को लिखा पत्र, काले के नाम के साथ भाजपा ना जोड़ने की मांग की।

Spread the love

जमशेदपुर:-  वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए गए दर्जनों लोगों पर भाजपा ने कड़ी कारवाई करते उनकी सक्रिय सदस्यता को निरस्त करते हुए छह वर्षों के लिए निष्कासित किया था। उस समय झारखंड समेत जमशेदपुर महानगर के कई कार्यकर्ताओं पर अनुशासनात्मक कार्यवाई करते हुए भाजपा ने निष्कासन की घोषणा की थी। परंतु नगर के विभिन्न समाचार माध्यमों में भारतीय जनता पार्टी से निष्कासित अमरप्रीत सिंह काले को भाजपा से जुड़ा दर्शाया जाता है। इसपर भाजपा जिला महामंत्री राकेश सिंह ने आपत्ति दर्ज कराते हुए समाचारपत्र के संपादकों को पत्र लिखकर किसी समाचार में उनका नाम भारतीय जनता पार्टी से जोडक़र प्रकाशित ना करने की मांग की है। इस संबंध में मंगलवार को उन्होंने प्रेस-विज्ञप्ति जारी कर कहा कि झारखंड प्रदेश भाजपा ने अमरप्रीत सिंह काले को वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में पार्टी विरोधी आचरण के कारण छह वर्ष के लिए भारतीय जनता पार्टी से निष्कासित कर दिया था। इस निष्कासन के बावजूद समाचारपत्र के माध्यम से उनका नाम भाजपा नेता के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। जिससे पार्टी की छवि एवं अनुशंसा पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि अमरप्रीत सिंह काले भारतीय जनता पार्टी से निष्कासित व्यक्ति हैं। अत: किसी समाचार में उनका नाम भारतीय जनता पार्टी से जोडक़र प्रकाशित नहीं किया जाये। विदित हो कि कुछ दिनों पूर्व भाजपा जिला कमेटी ने भी इस संबंध में आपत्ति जताते हुए निष्कासित व्यक्तियों के नाम के साथ भाजपा के नाम को ना जोड़ने की बात कही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *