जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के बिष्टुपुर बाजार में शनिवार देर रात चोरों ने दो दुकानों का ताला तोड़कर करीब 1.90 लाख रुपये नकद चोरी कर ली। घटना के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है और बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।


जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले राकेश कुमार की श्याम जनरल स्टोर का ताला तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और बैग में रखे करीब एक लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने पास स्थित अब्दुल कलाम की फल दुकान को निशाना बनाया और वहां से भी करीब 90 हजार रुपये नकद चोरी कर ली।
घटना की जानकारी रविवार सुबह तब हुई, जब दोनों दुकानदार अपनी-अपनी दुकान खोलने पहुंचे। सूचना मिलने पर बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नाराज व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने, नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।

