मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र बांटे, मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान

Spread the love

रांची, संवाददाता:- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को झारखंड मंत्रालय सभागार में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण सह मेधा सम्मान समारोह में राज्य के नए स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षकों, सहायक आचार्यों और प्रयोगशाला सहायकों को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस अवसर पर उन्होंने राज्यभर के मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया।

कार्यक्रम में जैक, सीबीएसई, आईसीएसई और सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस से 10वीं और 12वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही राज्य सरकार द्वारा संचालित आकांक्षा कोचिंग के सफल विद्यार्थियों को भी सम्मान मिला।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार हर वर्ष मेधावी छात्रों को सम्मानित करती है, ताकि उनकी मेहनत और लगन को प्रोत्साहन मिल सके। उन्होंने छात्रों, उनके परिवारजनों और स्कूल प्रबंधन को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने यह भी घोषणा की कि झारखंड में नेतरहाट विद्यालय की तर्ज पर तीन और स्कूल खोले जाएंगे।

समारोह के बाद मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर लिखा— “राज्य में विभिन्न बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हमारे मेधावी छात्र-छात्राओं को अबुआ सरकार हर वर्ष सम्मानित करती है। इस वर्ष भी हमारे होनहार बच्चों की मेहनत को सम्मान देने का अवसर मिला। आकांक्षा कोचिंग के सफल विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। आप सभी छात्र-छात्राओं, आपके परिवारजनों और स्कूल प्रबंधन को बहुत-बहुत बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। आप सभी का भविष्य उज्ज्वल हो, यही कामना करता हूँ।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *