सरायकेला-खरसावाँ जिले के चौका थाना ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी “Ranking of Police Stations 2025” की वार्षिक रिपोर्ट में चौका थाना को पूरे देश में चौथा स्थान मिला है। इसके साथ ही चौका थाना को झारखंड का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना घोषित किया गया है।


गृह मंत्रालय द्वारा हर वर्ष देशभर के पुलिस थानों का व्यापक मूल्यांकन कर यह रैंकिंग जारी की जाती है। इस वर्ष किए गए सर्वेक्षण में देश के 18 हजार से अधिक पुलिस थानों को शामिल किया गया था। इनमें से चौका थाना का शीर्ष चार में स्थान बनाना सरायकेला-खरसावाँ पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
इन मानकों पर हुआ मूल्यांकन
वर्ष 2025 की रैंकिंग के लिए पुलिस थानों के CCTNS डाटा, अपराध नियंत्रण, महिलाओं व कमजोर वर्गों के विरुद्ध अपराधों की स्थिति, बुनियादी ढाँचा, नागरिकों का फीडबैक, स्वच्छता, आईटी संसाधन, फोरेंसिक सुविधा, पुलिस संचार, डिजिटल रिकॉर्ड, प्रो-एक्टिव पुलिसिंग, कांडों का निष्पादन और चार्जशीटिंग की दक्षता जैसे कई अहम बिंदुओं पर स्वतंत्र एजेंसी द्वारा ग्राउंड सर्वे किया गया।
इस सर्वेक्षण के आधार पर गृह मंत्रालय ने हाल ही में रायपुर में आयोजित DGsP/IGsP Conference के दौरान राष्ट्रीय रैंकिंग की घोषणा की, जिसमें चौका थाना को देश में चौथा स्थान दिया गया।

