झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा रविवार को जमशेदपुर पहुंचीं. इस दौरान शहर के विभिन्न रूटों पर विधि-व्यवस्था का भौतिक निरीक्षण किया. उन्होंने अपनी यात्रा के दौरान 14 दिनों से लापता व्यवसायी पुत्र कैरव गांधी के अपहरण स्थल का जायजा लिया. घटनास्थल पर ही उन्होंने अधिकारियों से जांच की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए. डीजीपी इसके बाद एसएसपी आवास पहुंचीं, जहां वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ बंद कमरे में बैठक की. बैठक में अब तक की जांच, तकनीकी साक्ष्य, संदिग्धों की गतिविधियों और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई. एसएसपी पीयूष पांडे ने इसे औपचारिक दौरा बताया. उन्होंने कहा कि डीजीपी ने संगठित अपराध और नशे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. शहर को अपराध और नशा मुक्त बनाने के लिए विशेष रणनीति पर जोर दिया गया है. वहीं, कैरव गांधी अपहरण मामले में भी आवश्यक टिप्स और निर्देश दिए हैं. हालांकि एसएसपी ने मामले की जांच जारी होने का हवाला देते हुए विस्तृत जानकारी साझा करने से परहेज किया.



