सरायकेला — झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ (त्रिपाठी गुट) के एक शिष्टमंडल ने तृतीय एवं चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर जल संसाधन विभाग के अपर सचिव अशोक कुमार दास से रांची में मुलाकात की। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के महासचिव राजा राम सिंह ने की।


वार्ता में क्षेत्रीय स्तर पर कर्मचारियों की नियुक्ति, प्रोन्नति, संपुष्टि, टंकण ज्ञान परीक्षा और अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। महासंघ ने आरोप लगाया कि इन मामलों में अधिकारों का हनन हो रहा है। इस पर जल संसाधन विभाग के अपर सचिव विनोद कुमार, अवर सचिव पप्पू कुमार और प्रशाखा प्राधिकारी ने आश्वस्त किया कि मुख्य अभियंता के अधिकार क्षेत्र में ऐसा कोई अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा जिससे क्षेत्रीय कर्मचारियों को परेशानी हो। बैठक में महासंघ के अध्यक्ष विमल कुमार सिंह, प्रांतीय संयुक्त सचिव प्रमाण शंकर, मुन्नू राम हांसदा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।


