आदित्यपुर :- देश का 79वां स्वतंत्रता दिवस आदित्यपुर निगम क्षेत्रों में धूमधाम से मनाया गया. सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों में देश का तिरंगा शान से लहराया. कहीं शहीदों के सम्मान में ओजस्वी भाषण तो कहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई. आदित्यपुर के ज़ियाडा कार्यालय में क्षेत्रीय निदेशक प्रेम रंजन ने गणमान्यों और उद्योगपतियों की मौजूदगी में राष्ट्र ध्वज फहराया. आदित्यपुर थाना में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी विनोद तिरकी ने तिरंगा फहराया. जबकि आरआईटी थाना में थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. रेलवे सुरक्षा बल के बैरेक में आरपीएफ के निरीक्षक ए के सिंह ने गणमान्यों की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया. उन्होंने शहीदों के सम्मान में दो शब्द कहे और शहीदों को श्रद्धांजलि दी. वहीं आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति के तत्वावधान में टाटा कांड्रा मुख्य मार्ग पर बोधि कॉम्प्लेक्स के सामने 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया. यहां समिति के अध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने गणमान्यों की उपस्थिति में तिरंगा फहराया और झंडे को सलामी दी. इस मौके पर वक्ताओं ने शहीदों के बलिदान को अपने शब्दों से बखान किया और उनकी वीरों की गाथा बताई. पुरेंद्र ने कहा कि देश लंबी गुलामी के बाद आजाद हुआ था, शहीदों ने प्राणों की आहुति दी, जिनके बलिदान को याद करना और उनके बताए मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी. इस मौके पर राष्ट्रीय गीतों का कार्यक्रम हुआ. इस मौके पर उपस्थित गणमान्यों में राष्ट्रपति पुरस्कार से पुरस्कृत शिक्षिका संध्या प्रधान, उमाशंकर राम, एसडी प्रसाद, रामजी शर्मा, रामजी राम, देव प्रकाश देवता, संजय कुमार, शैलेन्द्र फौजी, राजेश्वर पंडित, नील पद्मा विश्वास आदि ने अपनी बातें रखी. कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र कुमार यादव ने किया.




