विशाल रक्तदान शिविर को लेकर NSS द्वारा सघन जनजागरूकता अभियान

Spread the love

घाटशिला : सोना देवी विश्वविद्यालय, घाटशिला, झारखंड में दिनांक 22 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाले विशाल रक्तदान शिविर को सफल बनाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा निरंतर एवं सघन जनजागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में NSS के स्वयंसेवकों द्वारा की फुलडुंगरी, घाटशिला कॉलेज रोड क्षेत्र में एक विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को रक्तदान के महत्व, आवश्यकता एवं सामाजिक दायित्व के प्रति जागरूक करना था।

यह जनजागरूकता कार्यक्रम सामाजिक विज्ञान संकायाध्यक्ष डॉ० नीलमणि कुमार, NSS प्रोग्राम ऑफिसर डॉ० शिवचन्द झा एवं सुश्री पतत्रि माली के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान NSS स्वयंसेवकों ने स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं दुकानदारों से संवाद स्थापित कर रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर किया तथा यह बताया कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है, जिससे न केवल जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाया जा सकता है बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य पर भी इसका कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता। सामाजिक विज्ञान संकायाध्यक्ष डॉ० नीलमणि कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे आगे बढ़कर स्वेच्छा से रक्तदान करें और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाएँ। NSS प्रोग्राम ऑफिसर डॉ० शिवचन्द झा ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि NSS का मूल मंत्र “मैं नहीं, आप” है और इसी भावना के साथ स्वयंसेवक समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने रक्तदान को “महादान” बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से शिविर में भाग लेने की अपील की। सुश्री पतत्रि माली ने महिलाओं एवं युवतियों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना आज समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम के दौरान NSS स्वयंसेवकों ने पंपलेट वितरण, नारेबाजी एवं प्रत्यक्ष संवाद के माध्यम से लोगों को 22 दिसंबर 2025 को सोना देवी विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर की जानकारी दी तथा सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए रक्तदान शिविर में भाग लेने की सहमति व्यक्त की।

कार्यक्रम के अंत में यह संकल्प लिया गया कि आगामी दिनों में भी NSS द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रक्तदान के प्रति लोगों को प्रेरित किया जाएगा, ताकि प्रस्तावित रक्तदान शिविर को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *