1.69 करोड़ रुपये की कथित जमीन ठगी मामले में जमशेदपुर का आरोपी गिरफ्तार, 40 से अधिक धोखाधड़ी के मामले दर्ज

Spread the love

जमशेदपुर/गिरिडीह: गिरिडीह के पचंबा थाना पुलिस ने जमीन और मकान की खरीद-बिक्री के नाम पर कथित रूप से 1.69 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी के मामले में जमशेदपुर निवासी अनूप कुमार राय को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार देर शाम गुप्त सूचना के आधार पर जमुआ थाना क्षेत्र के टिकामगहा में घेराबंदी कर उसे उसकी कार के साथ दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, अनूप कुमार राय के खिलाफ झारखंड समेत कई राज्यों में धोखाधड़ी के 40 से अधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।

यह मामला पचंबा थाना क्षेत्र के कृष्णानगर निवासी राजीव रंजन की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने अपने तीन सहयोगियों के साथ मकटपुर बर्गंडा स्थित श्याम कुंज के समीप जमीन और मकान खरीदने के लिए अनूप कुमार राय से 2.25 करोड़ रुपये में सौदा किया था। इसके लिए 19 जून 2022 को एक लिखित एग्रीमेंट भी किया गया था।

शिकायत में कहा गया है कि एग्रीमेंट के समय 51 लाख रुपये अग्रिम दिए गए थे। इसके बाद अलग-अलग किस्तों में कुल 1,69,67,001 रुपये का भुगतान किया गया।

आरोप है कि संपत्ति पर अपना अधिकार साबित करने के लिए अनूप कुमार राय ने 10 दिसंबर 1976 की एक पंजीकृत वसीयत दिखाई। हालांकि दस्तावेजों की जांच के दौरान शिकायतकर्ताओं को पता चला कि आरोपी की जन्मतिथि 22 जुलाई 1978 है। आरोप है कि इसी दस्तावेज के आधार पर करोड़ों रुपये की कथित ठगी की गई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित जमीन और मकान का समझौता पहले ही रामदेव सिंह के साथ किया जा चुका था। इस संपत्ति से जुड़े मामले गिरिडीह नगर थाना और एसडीएम न्यायालय में पहले से लंबित हैं।

पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी से पूछताछ जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।