जमशेदपुर के सांसद श्री बिद्युत बरण महतो ने खूंटी में पड़हा राजा श्री सोमा मुंडा जी की हत्या की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि खूंटी की माटी आज शोक में डूबी है, क्योंकि एक महान आदिवासी नेता और पड़हा राजा की हत्या कर दी गई है। सोमा मुंडा जी सिर्फ एक व्यक्ति नहीं थे, वे आदिवासी परंपरा की रीढ़, स्वशासन की साँस और आदिवासी अस्मिता का आत्मसम्मान थे।


श्री महतो ने कहा कि उनकी हत्या किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि झारखंड की चेतना पर किया गया सीधा वार है। यह घटना राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले में तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए और अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करना चाहिए।
श्री महतो ने सरकार से मांग की है कि मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए और उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए। उन्होंने दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने के लिए मरांग बुरु से प्रार्थना की और कहा कि सोमा मुंडा जी की आत्मा को शांति मिले और उनके परिवार को इस कठिन समय में शक्ति मिले।

