जमशेदपुर: टिनप्लेट कंपनी प्रबंधन से कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल की वार्ता, मृत कर्मचारी के परिवार को ₹20 लाख और ₹25 हजार मासिक सहायता पर सहमति

Spread the love

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने टिनप्लेट कंपनी प्रबंधन से मुलाकात कर 18 सितंबर को कंपनी परिसर में हुई घटना में मृत कर्मचारी के परिवार की मांगों और आर्थिक सहायता को लेकर वार्ता की। प्रतिनिधिमंडल ने परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित सहायता देने की मांग रखी।

वार्ता के बाद कंपनी प्रबंधन की ओर से मृत कर्मचारी की पत्नी के बैंक खाते में ₹20 लाख की आर्थिक सहायता भेजने तथा परिवार को प्रत्येक माह ₹25 हजार की सहायता राशि उपलब्ध कराने पर सहमति बनी। इसके अलावा मासिक सहायता राशि में हर वर्ष ₹1,000 की बढ़ोतरी किए जाने पर भी समझौता हुआ।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि कांग्रेस श्रमिकों और उनके परिवारों के अधिकार एवं सम्मान की रक्षा के लिए हमेशा खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि कठिन समय में परिवार को आर्थिक सुरक्षा देना जरूरी था और बातचीत के माध्यम से तत्काल आर्थिक सहायता के साथ नियमित मासिक सहयोग सुनिश्चित किया गया है।

प्रतिनिधिमंडल में जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अशुतोष सिंह, जिला महामंत्री कौशल प्रधान, जिला कोषाध्यक्ष गुरदीप सिंह शोहल, OBC अध्यक्ष प्रताप यादव, जिला सचिव फिरोज खान, रणजीत झा, राजीव पांडेय और बीरबल कुमार शामिल थे।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि भविष्य में कंपनी परिसर में कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और कार्यस्थल पर निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाएगा।