जमशेदपुर: 59 किलो गांजा के साथ छह गिरफ्तार, बरामद गांजे की कीमत करीब ₹50 लाख

Spread the love

जमशेदपुर: अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब 59 किलो गांजा बरामद करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये है। कार्रवाई के दौरान एक बोलेरो, एक बाइक और 3 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार जिले में चल रहे एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के तहत सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के लिट्टी चौक के पास पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। पुलिस ने शक के आधार पर जांच और तलाशी ली, जिसके बाद गांजे की बड़ी खेप बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों के नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।

अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। इसके अलावा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी छह आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने कहा है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।