जमशेदपुर: बिरसानगर थाना क्षेत्र में ट्रेडिंग के नाम पर करीब ₹24 लाख लेने का आरोप सामने आया है। मामले में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया है। शिकायतकर्ता कुमार अंकित सिंह के अनुसार, करीब दो महीने पहले सौरख डे ने उनसे और कुछ अन्य लोगों से ट्रेडिंग के नाम पर लगभग ₹24 लाख लिए थे।


किस्तों में रकम लौटाने पर बनी सहमति
आपसी समझौते के अनुसार, सौरख डे ने 17 अगस्त 2026 को ₹5.50 लाख लौटाने पर सहमति जताई है। इसके बाद बची हुई करीब ₹22 लाख की राशि संबंधित लोगों को एक वर्ष आठ महीने के भीतर लौटाने की बात तय हुई है।
भुगतान अवधि तक दबाव नहीं बनाने की शर्त
समझौते में यह भी उल्लेख किया गया है कि रकम वापस करने की निर्धारित अवधि के दौरान सौरख डे पर किसी तरह का दबाव नहीं बनाया जाएगा। इस दौरान उनसे बातचीत नहीं करने की शर्त भी रखी गई है। दोनों पक्षों के अनुसार, समझौता आपसी सहमति से और बिना किसी दबाव के हुआ है।
पूरी रकम लौटाने तक शहर से बाहर जाने पर शर्त
समझौते के मुताबिक, पूरी रकम वापस होने तक सौरख डे शहर से बाहर नहीं जाएंगे। हालांकि, किसी जरूरी काम की स्थिति में उन्हें कुछ समय के लिए बाहर जाने की अनुमति दी जा सकती है।
समझौते में यह भी तय किया गया है कि निर्धारित समय सीमा में बकाया राशि वापस नहीं किए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल मामला दोनों पक्षों के बीच हुए आपसी समझौते के आधार पर सुलझा है।

