जमशेदपुर यूज्ड कार डीलर एसोसिएशन का वन भोज, व्यापार से जुड़ी समस्याओं पर हुई अहम चर्चा

Spread the love

 

जमशेदपुर:- जमशेदपुर यूज्ड कार डीलर एसोसिएशन की ओर से मंगलवार को डिमना लेक परिसर में वन भोज सह बैठक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जमशेदपुर शहर के 100 से अधिक यूज्ड कार डीलरों ने भाग लिया और आपसी संवाद के साथ व्यापार से जुड़ी ज्वलंत समस्याओं पर गंभीर मंथन किया गया।

कार्यक्रम में एसोसिएशन के अध्यक्ष बसंत अग्रवाल, उपाध्यक्ष नवीन कुमार जैन, सह सचिव बबलू जी के साथ अश्विनी जी, संजय जी, नवीन बापी एवं बिट्टू सहित कई प्रमुख सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे। वन भोज के सौहार्दपूर्ण माहौल में बैठक का आयोजन कर संगठन की एकजुटता और मजबूती पर भी बल दिया गया।

बैठक का मुख्य एजेंडा बढ़ती महंगाई के बीच ऑनलाइन साइट्स द्वारा विज्ञापन शुल्क में मनमाने तरीके से की जा रही बढ़ोतरी रहा, जिसे डीलरों ने अनुचित बताया। इसके अलावा आरटीओ कार्यालय से जुड़े विभिन्न प्रक्रियात्मक अवरोधों, जिनके कारण कार डीलरों को कार्य करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, उन पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

डीलरों ने यह भी चिंता जताई कि कुछ फर्जी और असामाजिक तत्व इस व्यवसाय में फर्जी गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं, जिससे ईमानदार कारोबारियों की छवि प्रभावित हो रही है। ऐसे लोगों पर सख्त रोक लगाने और ग्राहकों को वाजिब दाम पर पारदर्शी तरीके से वाहन उपलब्ध कराने के विषय पर भी सर्वसम्मति से विचार किया गया।

बैठक के अंत में संगठन को और मजबूत करने, प्रशासन से संवाद स्थापित करने तथा ग्राहकों के हित में निष्पक्ष और ईमानदार व्यापार को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *