गढ़वा में बनेगा नया हाईलेवल पुल, झारखंड सरकार ने ₹4.10 करोड़ की मंजूरी दी

Spread the love

रांची/गढ़वा: झारखंड सरकार ने गढ़वा जिले में एक नए हाईलेवल पुल और उसके एप्रोच पथ के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के लिए 4 करोड़ 10 लाख 53 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस संबंध में पथ निर्माण विभाग ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। वर्तमान में इस मार्ग पर स्थित पुराना पुल काफी जर्जर और संकरा हो चुका है, जिसके कारण स्थानीय लोगों और वाहनों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

सरकार का मानना है कि नए पुल के निर्माण से झारखंड और छत्तीसगढ़ के बीच संपर्क और अधिक सुगम होगा। यह सड़क नक्सल प्रभावित एवं आदिवासी बहुल क्षेत्र से होकर गुजरती है। साथ ही इस मार्ग का उपयोग सुरक्षा बल भी नियमित रूप से करते हैं। ऐसे में यह परियोजना यातायात सुविधा के साथ-साथ सुरक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

पथ निर्माण विभाग के अनुसार पुल का निर्माण 3×21 मीटर स्पैन डिजाइन के आधार पर किया जाएगा। परियोजना का 60 प्रतिशत कार्य वित्तीय वर्ष 2026-27 में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि शेष 40 प्रतिशत कार्य वित्तीय वर्ष 2027-28 में पूरा किया जाएगा।

योजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी पथ प्रमंडल गढ़वा के कार्यपालक अभियंता को सौंपी गई है। परियोजना पर होने वाले खर्च का भुगतान गढ़वा कोषागार से किया जाएगा। निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मुख्य अभियंता (यातायात) द्वारा प्रत्येक माह इसकी समीक्षा की जाएगी।

सरकार का कहना है कि पुल बनने के बाद क्षेत्र में आवागमन आसान होगा, विकास कार्यों को गति मिलेगी और सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी।