टाटा कमिंग्स कार्यालय को महाराष्ट्र शिफ्ट किए जाने के विरोध में झामुमो ने किया टाटा स्टील, टाटा मोटर्स और टाटा कमिंग्स गेट जाम

Spread the love

जमशेदपुर:- बुधवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से टाटा मोटर्स, टाटा कमिंस और टाटा स्टील के जेनरल ऑफिस गेट को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया गया। झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता जमशेदपुर से टाटा कमिंस का कार्यालय महाराष्ट्र ले जाने का विरोध कर रहे थे। इसी को लेकर सुबह 11:00 बजे के करीब कार्यकर्ता झंडा बैनर लेकर गेट पर पहुंच गए और प्रदर्शन किया। हालांकि धरना प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुबह से ही पुलिस की तैनाती कर दी थी। जिससे कि किसी भी तरह की आशंका को दूर किया जा सके। पुलिस की तैनाती के कारण कोई झंझट और विवाद नहीं हुआ। मालूम हो कि पिछले दिनों महाराष्ट्र सरकार की एक चिट्ठी झारखंड सरकार को दी गई थी । जिसमें यह कहा गया था की टाटा कमिंस के पैन कार्ड का एड्रेस अब महाराष्ट्र के पुणे में कर दिया गया है। यह पता के परिवर्तन होने से झारखंड सरकार को कोई आपत्ति है या नहीं है, जानकारी लेने के लिए पत्र महाराष्ट्र सरकार की ओर से भेजा गया था। इसके बाद से ही यहां के राजनीतिक दलों के कान खड़े हो गए और सबसे पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा ने इसका विरोध शुरू कर दिया। सूत्र बताते हैं कि वर्ष 2016 में ही टाटा कमिंस का कार्यालय पुणे शिफ्ट हो चुका है। इस प्रदर्शन में जुगसलाई विधायक मंगल कालन्दी, घाटशिला विधायक रामदास सोरेन, पोटका विधायक संजीव सरदार, हिदायतुल्ला खान, बाबर खान, पूर्व सांसद सुमन महतो, केंद्रीय कार्यकारणी प्रमोद लाल, सदस्य महावीर मुर्मू, प्रीतम हेंब्रम, अजय यादव गिल एवम काफी संख्या में झामुमो के कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *