जुगसलाई चोरी कांड का पुलिस ने किया खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, जेवरात बरामद

Spread the love

जुगसलाई : जमशेदपुर पुलिस ने 6 दिसंबर को जुगस्लाई थाना क्षेत्र के बैकुंठ अपार्टमेंट में हुई चोरी की घटना का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो शातिर चोरों के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने वाले दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी कुमार शिवाशिश ने बताया कि बैकुंठ अपार्टमेंट में रहने वाले प्रवीण कुमार गोयल के आवास पर अज्ञात चोरों ने ताला काटकर घर में घुसपैठ की थी और वहां से कीमती जेवरात व नकद राशि की चोरी कर ली थी। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर जुगस्लाई थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने विशेष जांच टीम का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर शिव महानंद और विजय प्रसाद को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि चोरी किए गए आभूषण उन्होंने राहुल वर्मा और प्रदीप प्रसाद को बेच दिए थे। आरोपियों के बयान के आधार पर पुलिस ने राहुल वर्मा और प्रदीप प्रसाद को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने चारों आरोपियों के पास से चोरी किए गए जेवरात बरामद कर लिए हैं। सिटी एसपी ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *