प्यार में पागलपन! गर्लफ्रेंड पर ताबड़तोड़ चाकू से वार

Spread the love

न्यूजभारत20 डेस्क:- राजधानी दिल्ली में एक सनकी आशिक ने प्यार में असफल होने पर हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। गुस्से से भरे प्रेमी ने खुलेआम अपनी गर्लफ्रेंड पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। यह दर्दनाक घटना पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में सोमवार शाम को हुई। राह चलते लोग उस वक्त सन्न रह गए जब युवक ने बीच सड़क पर लड़की पर चाकुओं की बारिश कर दी। घटना शाम लगभग 5:30 बजे की है जब 22 वर्षीय युवती नेहा (बदला हुआ नाम) अपनी सहेली के साथ मार्केट से लौट रही थी। तभी आरोपी युवक राहुल, जो कथित तौर पर उसका पूर्व प्रेमी था, वहां पहुंचा और दोनों के बीच पहले बहस हुई। बहस के कुछ ही मिनटों बाद राहुल ने जेब से चाकू निकाला और नेहा पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। नेहा को गंभीर हालत में तुरंत दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टर्स के अनुसार, नेहा के पेट, कंधे और पीठ पर गहरे घाव हैं।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी राहुल को लोगों की मदद से पकड़ लिया। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 307 (हत्या की कोशिश) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि राहुल और नेहा पिछले दो वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे। कुछ महीने पहले नेहा ने राहुल से बात करना बंद कर दिया था, जिससे वह बौखला गया था। वह लगातार नेहा को धमकियां दे रहा था और पीछा भी करता था। लड़की ने कुछ समय पहले इसकी शिकायत भी पुलिस में की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी। इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।  स्थानीय लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अगर समय पर राहुल के खिलाफ कार्रवाई होती, तो आज ये घटना नहीं होती। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है और आरोपी को सख्त सजा दिलाने की पूरी कोशिश की जाएगी। साथ ही पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *