बागबेड़ा में बड़ी वारदात टली, अपराध की योजना बनाते तीन अपराधी गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद

Spread the love

बागबेड़ा : जमशेदपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां समय रहते कार्रवाई करते हुए बागबेड़ा थाना क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की साजिश को नाकाम कर दिया गया। पुलिस ने अपराध की योजना बनाते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से अवैध हथियार व धारदार चापड़ बरामद किया है। मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी कुमार शिवाशिश ने बताया कि 15 दिसंबर की शाम बागबेड़ा थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि संजय नगर नाला के पास कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग एकत्रित होकर किसी गंभीर आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया और मौके पर त्वरित छापेमारी की।छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से मोहम्मद वाजिद, मोहम्मद राज और मोहम्मद समीर को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक लोहे का धारदार चापड़ बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता से समय रहते उन्हें पकड़ लिया गया। सिटी एसपी ने आगे बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों अपराधियों का आपराधिक इतिहास पहले से ही रहा है और वे पूर्व में भी कई मामलों में संलिप्त रह चुके हैं। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और उनके आपराधिक नेटवर्क व संभावित अन्य साथियों को लेकर आगे की जांच जारी है।

पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे अपराधियों पर लगाम लगी है और स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *