कड़ाके की ठंड को लेकर बड़ा फैसला: पूर्वी सिंहभूम व सरायकेला-खरसावां में 5 व 6 जनवरी को स्कूलों में छुट्टी

Spread the love
  •  

जमशेदपुर:- कड़ाके की ठंड और गिरते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा एहतियाती कदम उठाया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी शीतलहर की चेतावनी के मद्देनज़र पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी व निजी विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई 5 और 6 जनवरी 2026 को स्थगित कर दी गई है।

जिला शिक्षा पदाधिकारियों द्वारा जारी कार्यालय आदेश में कहा गया है कि छात्रों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश के अनुसार इन दोनों दिनों में विद्यालयों में नियमित पठन-पाठन का कार्य नहीं होगा।

हालांकि, जिन विद्यालयों में इस अवधि के दौरान पूर्व निर्धारित बोर्ड परीक्षाएं आयोजित होनी हैं, वहां विद्यालय प्रबंधन अपने विवेकानुसार परीक्षा का संचालन कर सकेंगे।

वहीं, 6 जनवरी 2026 को सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों को विद्यालय में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। इस दिन वे अपनी उपस्थिति eVV पोर्टल पर दर्ज करेंगे और विद्यालय के गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे।

दोनों जिलों के शिक्षा विभाग ने विद्यालय प्रबंधन को आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे ठंड के इस मौसम में बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *