झारखंड में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा में गंभीर चूक, कारकेड के बीच घुसा स्कूटी सवार

Spread the love

 

रांची:- रांची में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। रांची एयरपोर्ट से निकलने के बाद जब राष्ट्रपति का काफिला किशोरगंज चौक से गुजर रहा था, तभी एक स्कूटी सवार अचानक राष्ट्रपति के कारकेड के भीतर घुस गया। हालांकि मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से तुरंत स्कूटी सवार को रोककर काफिले से बाहर निकाल लिया गया और उसे हिरासत में ले लिया गया।

तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर आई राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए एयरपोर्ट से लेकर लोक भवन तक पूरे मार्ग को पूरी तरह सील किया गया था। इसके बावजूद स्कूटी सवार का कारकेड के भीतर प्रवेश कर जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। बताया जा रहा है कि किशोरगंज चौक के पास राष्ट्रपति का वाहन आगे निकल चुका था और काफिले के कुछ वाहन पीछे थे, इसी दौरान स्कूटी सवार ने बीच में प्रवेश कर लिया।

इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि राष्ट्रपति के वाहन के गुजरने के बाद स्कूटी सवार अचानक काफिले में आ जाता है। जैसे ही वह आगे बढ़ता है, वहां मौजूद एक सुरक्षाकर्मी उसे तुरंत रोककर सड़क के किनारे ले जाता है। इसके बाद राष्ट्रपति के काफिले की अन्य गाड़ियां वहां से गुजरती हैं।

हालांकि इस घटना के कारण राष्ट्रपति का काफिला कहीं भी नहीं रुका, लेकिन राष्ट्रपति के कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल को देखते हुए इसे एक गंभीर चूक माना जा रहा है। फिलहाल स्कूटी सवार से पूछताछ की जा रही है, वहीं इस पूरे मामले पर रांची पुलिस के किसी वरिष्ठ अधिकारी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *