एनआईटी जमशेदपुर और IFQM के बीच एमओयू, शिक्षा और उद्योग के संगम से खुलेगा गुणवत्ता सहयोग का नया मार्ग

Spread the love

आदित्यपुर :- पूर्वी भारत में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और औद्योगिक सहयोग को एक नई दिशा देने के उद्देश्य से इंडियन फाउंडेशन फॉर क्वालिटी मैनेजमेंट (IFQM) और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), जमशेदपुर के बीच 21 जुलाई 2025 को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। यह साझेदारी एनआईटी जमशेदपुर की सेक्शन 8 कंपनी “एनआईटी जेएसआर सेंटर फॉर इनोवेशन एंड इनक्यूबेशन काउंसिल” के माध्यम से की गई है, जिसका मुख्य उद्देश्य शैक्षणिक ज्ञान और उद्योग की व्यावहारिक आवश्यकताओं के बीच सेतु बनाना है। इस सहयोग के तहत नवाचार, व्यावहारिक प्रशिक्षण, प्रमाणन कार्यक्रम, औद्योगिक भ्रमण, फैकल्टी डेवलपमेंट और MSME सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा। IFQM, जो टाटा स्टील और टीवीएस जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों से जुड़ा है, पूर्वी और दक्षिणी भारत में गुणवत्तापूर्ण पहल का नेतृत्व करेगा। इस समझौते के अवसर पर उद्योग और शिक्षा जगत के कई प्रमुख प्रतिनिधि मौजूद रहे। IFQM की ओर से श्री सौमित्र भट्टाचार्य, श्री पी. कनियप्पन, श्री आर. के. शेनॉय और श्री अंकुर गंडोत्रा उपस्थित थे। वहीं, टाटा स्टील की ओर से श्री पीयूष गुप्ता, डॉ. वसंत, सुश्री अदिति सिन्हा और श्री अविनाश कुमार मौजूद रहे। एनआईटी जमशेदपुर से निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधर, रजिस्ट्रार कर्नल एन.के. राय, प्रो. अमरेश कुमार, प्रो. एम.के. सिन्हा, प्रो. सतीश कुमार, प्रो. पी. चंद, डॉ. हसन और डॉ. रामकृष्ण उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि अकादमिक संस्थानों और उद्योगों के बीच समन्वय से ही गुणवत्ता-संवेदनशील और नवाचारशील पेशेवरों को तैयार किया जा सकता है। यह रणनीतिक साझेदारी न केवल विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों का द्वार खोलेगी, बल्कि भारत के गुणवत्ता-आधारित विकास को भी नई दिशा प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *