नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय ने देशभक्ति के उत्साह के साथ मनाया 79वां स्वतंत्रता दिवस

Spread the love

जमशेदपुर :- नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय ने 15 अगस्त 2025 को भारत का 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह, गर्व और गहरी देशभक्ति की भावना के साथ मनाया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर राष्ट्रीय रंगों और एकता की भावना से सराबोर हो गया। समारोह में विश्वविद्यालय के प्रशासनिक और शैक्षणिक पदाधिकारी, आमंत्रित गणमान्य अतिथि, संकाय सदस्य, शिक्षकेत्तर एवं गैर शिक्षकेत्तर कर्मचारी तथा विश्वविद्यालय और नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री मदनमोहन सिंह और कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि द्वारा राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया। इस दौरान गृह रक्षा वाहिनी और अन्य सुरक्षा इकाइयों ने संयुक्त रूप से ध्वज को सलामी दी। नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल, पोखारी के विद्यार्थियों ने बैंड की धुनों पर राष्ट्रीय गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं, जिसने उपस्थित जनों में देशभक्ति की लहर दौड़ा दी।

अपने संबोधन में कुलाधिपति श्री सिंह ने युवाओं की राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए छात्रों से अनुशासन, नवाचार और राष्ट्र सेवा के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से “आचार, व्यवहार और विचार” को जीवन का मूलमंत्र बनाने पर जोर दिया। वहीं, कुलपति प्रो. पाणि ने कहा कि स्वतंत्रता केवल ऐतिहासिक उपलब्धि नहीं है बल्कि यह एक सतत जिम्मेदारी है जिसका निर्वहन प्रतिदिन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर स्थापित यह विश्वविद्यालय न्याय, समानता और प्रगतिशील भारत की भावना से ओतप्रोत छात्रों को तैयार करने के लिए संकल्पित है।

इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं और विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम पर भाषण भी दिए। कार्यक्रम को कुलसचिव नागेंद्र सिंह, प्रशासनिक अधिष्ठाता प्रो. नाजिम खान, मुख्य वित्त अधिकारी वाई ज्योति, परीक्षा नियंत्रक प्रो. मोईज़ अशरफ़, श्री मृत्युंजय झा और डॉ. आर.एन. शर्मा ने भी संबोधित किया।

नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय का 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह केवल भारत की स्वतंत्रता का उत्सव नहीं बल्कि एक सशक्त, प्रबुद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र के निर्माण के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता की पुनः पुष्टि भी था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *