वास्तु विहार कॉलोनी में असुरक्षित रहते हैं लोग, सोते हुए 65 वर्षीय महिला को जहरीले सांप ने डंसा, स्थिति नाजुक

Spread the love

Saraikela:- आदित्यपुर स्थित वास्तु विहार कॉलोनी में लोग असुरक्षित जीवन जीने को मजबूर हैं. इस बात का खुलासा बीती रात हुई है, एक सोते हुए 65 वर्षीय महिला को जहरीले सांप ने डंस लिया जिससे महिला की स्थिति नाजुक बनी हुई है. वह जिंदगी और मौत से अस्पताल में जूझ रही है. घटना रविवार की रात की है. सिंप्लेक्स संख्या 65 में सोते समय एक बुजुर्ग महिला को विषैले सांप ने हाथ में डंस लिया है. घटना के बाद परिजन उन्हें आनन- फानन में टीएमएच लेकर पहुंचे, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद पूरे वास्तु विहार क्षेत्र के लोग दहशत में हैं. निवासियों ने बताया कि इलाके में साफ- सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं है. जिसके कारण सांप के आने का खतरा बढ़ गया है. इससे पहले भी लोगों ने खुले चेंबरों और गंदगी को लेकर वास्तु विहार प्रबंधन से शिकायत की थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया था. वास्तु विहार कल्याण समिति ने इस घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है और महिला के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है. समिति ने सभी निवासियों से अपील की है कि अपने घरों और आस- पास की सफाई पर विशेष ध्यान दें. साथ ही उन स्थानों को बंद करें, जहां से सांप या अन्य जीव- जंतु घरों में प्रवेश कर सकते हैं. समिति ने कहा है कि प्रबंधन अब तुरंत सफाई व्यवस्था दुरुस्त करे और खुले चेंबरों को कवर कराए. साथ ही निवासियों से अनुरोध किया गया है कि पीड़ित परिवार को फिलहाल फोन कर परेशान न करें, क्योंकि वे मानसिक रूप से अत्यंत तनाव में हैं. पूरे कॉलोनी में महिला के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की जा रही है. इस घटना से आसपास के लोगों को भी चिंता सताने लगी है चूंकि यह क्षेत्र खरकई नदी का तटीय इलाका है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *