जमशेदपुर:- टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क ने शहरवासियों को एक ऐतिहासिक और यादगार पल का साक्षी बनने का मौका दिया है। पार्क में 27 नवंबर 2025 को जन्मी दो नन्ही बाघिन शावकों के नामकरण के लिए नागरिकों से नाम आमंत्रित किए जा रहे हैं। यह पहल न केवल वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाएगी, बल्कि जमशेदपुर के लोगों को इस खुशी के पल से सीधे जोड़ने का माध्यम भी बनेगी।


जूलॉजिकल पार्क प्रबंधन के अनुसार, दोनों बाघिन शावक पूरी तरह स्वस्थ हैं और फिलहाल विशेषज्ञों की निगरानी में रखी गई हैं। तय प्रोटोकॉल के तहत तीन माह पूरे होने के बाद ही उन्हें आम दर्शकों के लिए प्रदर्शित किया जाएगा। अभी उनकी सेहत और विकास पर सीसीटीवी के माध्यम से लगातार नजर रखी जा रही है।
पार्क प्रबंधन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे दोनों बाघिन शावकों के लिए अर्थपूर्ण और आकर्षक नाम सुझाएं। नाम भेजने के लिए एसएमएस या व्हाट्सएप के माध्यम से मोबाइल नंबर 8709572018 पर भेजी जा सकती है।
नाम भेजने की अंतिम तिथि मंगलवार, 13 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है।
नाम भेजते समय निम्न प्रारूप का पालन करना अनिवार्य होगा—
पहली मादा बाघ का नाम: ……
दूसरी मादा बाघ का नाम: ……
भेजने वाले का नाम एवं स्थान
16 जनवरी को होगा नामों का ऐलान
प्रबंधन द्वारा चयन प्रक्रिया के बाद सबसे अर्थपूर्ण और उपयुक्त नामों को चुना जाएगा। चयनित नामों की औपचारिक घोषणा 16 जनवरी 2026 को की जाएगी। विजेताओं को व्यक्तिगत रूप से सूचित किया जाएगा।
विजेताओं को मिलेगा खास इनाम
चयनित नाम भेजने वाले प्रतिभागियों को टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क की ओर से विशेष उपहार दिए जाएंगे, जिनमें—
जू भ्रमण के लिए छह निःशुल्क प्रवेश पास
छह लोगों की क्षमता वाली एक निःशुल्क कार्ट राइड (पहली विजिट पर)
एक अन्य बाघ के बाड़े के पास फोटो खिंचवाने का अवसर (उपलब्धता के अनुसार)
पार्क प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि निःशुल्क प्रवेश पास वर्ष 2026 में तीन बार उपयोग के लिए मान्य होंगे और ये हस्तांतरणीय नहीं होंगे।
टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क की यह पहल न केवल वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम है, बल्कि शहरवासियों के लिए गर्व और खुशी का अवसर भी है। अब जमशेदपुर की जनता के नाम से इन नन्ही बाघिनों की दहाड़ गूंजेगी।

