दुर्गा पूजा के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त से मिले पुरेन्द्र, सौंपा 11 सूत्री माँग पत्र

Spread the love

Saraikela : दुर्गा पूजा का पर्व नजदीक आते ही आदित्यपुर-गम्हरिया क्षेत्र में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष एवं आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति के अध्यक्ष पुरेन्द्र नारायण सिंह के नेतृत्व में बुधवार को समिति का एक प्रतिनिधिमंडल जिला उपायुक्त नितिश कुमार सिंह से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने पूजा को सफल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन, नगर निगम और अन्य विभागों से संबंधित 11 सूत्री मांगें रखीं। पुरेन्द्र नारायण सिंह ने कहा कि पूजा में अब महज 15 दिन बचे हैं और कई बड़े पंडालों का कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने मांग की कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन जल्द ही ठोस कदम उठाए। प्रमुख मांगों में थाना से लेकर जिला स्तर तक की शांति समिति की बैठक एक माह पहले करने, नगर निगम द्वारा व्यापक सफाई अभियान चलाने, पंडालों तक जाने वाली सड़कों की मरम्मत करने और पूजा के दौरान प्रतिदिन सफाई सुनिश्चित करने, टाटा-कांड्रा मार्ग की सभी बंद स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट को तत्काल दुरुस्त करने तथा पूजा के दौरान जनरेटर कनेक्शन उपलब्ध कराने, बड़े पंडालों में प्रवेश और निकास द्वार अलग-अलग बनाने से भीड़ और जाम की समस्या का समाधान करने, खरकई पुल के पास वॉच टावर बनाने, वहां मेडिकल टीम व एंबुलेंस की स्थायी तैनाती करने, आदित्यपुर और गम्हरिया स्वास्थ्य केंद्रों में 24×7 डॉक्टरों की मौजूदगी सुनिश्चित करने, विसर्जन घाट तक पहुंच मार्ग की मरम्मत और रोशनी की व्यवस्था करने, पंडालों के पास पार्किंग स्थल और दुकानों के लिए अलग स्थान चिन्हित करने, अबाधित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और भीड़भाड़ वाले पूजा पंडालों में दमकल की तैनाती करने तथा पूजा के दौरान पुलिस की रात की गश्ती बढ़ाने जैसी बातें शामिल हैं। पुरेन्द्र ने उपायुक्त से आग्रह किया कि जिला प्रशासन इन मांगों पर त्वरित कार्रवाई करे ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के उत्सव का आनंद ले सकें। प्रतिनिधिमंडल में देव प्रकाश देवता, मिथिलेश कुमार झा, प्रभास कुमार झा, अवधेश कुमार और राजेश्वर पंडित शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *