

न्यूजभारत20 डेस्क:- हज यात्रा को लेकर सऊदी अरब सरकार ने बड़ा और सख्त कदम उठाया है। बिना रजिस्ट्रेशन हज यात्रा में शामिल होने वालों को रोकने के उद्देश्य से सऊदी अरब ने भारत, पाकिस्तान सहित कुल 14 देशों के वीजा पर अस्थाई रोक लगा दी है। यह फैसला सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। हर साल दुनियाभर से लाखों मुसलमान हज यात्रा पर सऊदी अरब पहुंचते हैं। लेकिन बीते कुछ वर्षों में बिना पंजीकरण और आधिकारिक प्रक्रिया के कुछ लोग गैर-कानूनी तरीके से हज में शामिल होते पाए गए हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और तीर्थयात्रियों की सुविधा पर असर पड़ता है।

सऊदी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह रोक स्थायी नहीं है, बल्कि हज प्रक्रिया को अधिक कठोर, पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए यह अस्थाई निर्णय लिया गया है। जिन देशों पर यह रोक लगाई गई है, उनमें भारत, पाकिस्तान, इंडोनेशिया, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, सूडान, यमन, ईरान, सीरिया, नाइजीरिया, म्यांमार सहित अन्य मुस्लिम-बहुल देश शामिल हैं। इस निर्णय के बाद भारत की हज समिति ने भी तीर्थयात्रियों से आग्रह किया है कि वे किसी प्रकार के बिना पंजीकरण या अनधिकृत एजेंट के झांसे में न आएं। समिति ने कहा है कि सभी यात्रियों को आधिकारिक चैनल के जरिए आवेदन करना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
इस फैसले का सीधा असर हज 2025 की तैयारियों पर पड़ सकता है, क्योंकि जिन देशों पर वीजा रोक लगाई गई है, वहां से बड़ी संख्या में हर साल हज यात्री जाते हैं। हालांकि, सऊदी सरकार ने संकेत दिए हैं कि यदि संबंधित देशों की सरकारें हज प्रक्रिया को लेकर आवश्यक दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित करती हैं, तो वीजा पर से यह प्रतिबंध हटाया जा सकता है। सऊदी अरब का यह कदम तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और हज की व्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक सख्त लेकिन आवश्यक निर्णय माना जा रहा है। भारत सहित सभी प्रभावित देशों की सरकारें अब सऊदी अधिकारियों के साथ संवाद कर स्थिति सामान्य करने में जुटी हैं।