सरकारी पोर्टल की शर्मनाक गलती: कुत्ते के नाम बना प्रमाण पत्र, जांच शुरू

Spread the love

पटना:- बिहार की राजधानी पटना के मसौढ़ी अंचल कार्यालय में सरकारी तंत्र की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां ‘डॉग बाबू’ नाम के एक फर्जी व्यक्ति के नाम पर निवास प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया, जिसने पूरे जिले में हड़कंप मचा दिया है। खास बात यह है कि प्रमाण पत्र में पिता का नाम ‘कुत्ता बाबू’, माता का नाम ‘कुतिया बाबू’ और फोटो में एक कुत्ते की तस्वीर लगाई गई है। पता काउलीचक, वार्ड नंबर 15, नगर परिषद मसौढ़ी दर्शाया गया है। प्रमाण पत्र क्रमांक BRCCO/2025/15933581 पर मसौढ़ी अंचल कार्यालय के राजस्व पदाधिकारी मुरारी चौहान की डिजिटल सिग्नेचर भी मौजूद है। यह मामला सामने आते ही प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। पटना जिला प्रशासन ने तत्काल प्रमाण पत्र को रद्द करते हुए, संबंधित आवेदक, कंप्यूटर ऑपरेटर और पदाधिकारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है। साथ ही मसौढ़ी के अनुमंडल पदाधिकारी को पूरे मामले की जांच कर 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषी पाए जाने वाले कर्मियों और अधिकारियों पर विभागीय और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस अजीबोगरीब मामले की खबर सोशल मीडिया पर भी आग की तरह फैल गई है। लोग सरकारी सिस्टम की लापरवाही पर तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इस मामले ने एक बार फिर सरकारी दस्तावेजों की सत्यता और सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *