नए छात्रों के स्वागत को तैयार सोना देवी विश्वविद्यालय, आज इंडक्शन प्रोग्राम

Spread the love

जमशेदपुर : सोना देवी विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र 2025-26 का शुभारंभ इंडक्शन कम ओरिएंटेशन प्रोग्राम के आयोजन के साथ आज किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह कार्यक्रम नये विद्यार्थियों को संस्था की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों से परिचित कराने का एक महत्वपूर्ण माध्यम होगा।

कुलपति प्रो. प्रभाकर सिंह ने बताया कि इस इंडक्शन प्रोग्राम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली और वातावरण से जोड़ना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल अकादमिक ढांचे की जानकारी दी जाएगी, बल्कि उन्हें अनुशासन, टीमवर्क और जिम्मेदारी जैसे गुणों से भी अवगत कराया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान नये विद्यार्थियों को पुस्तकालय, डिजिटल क्लासरूम, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, खेल परिसर और हॉस्टल की सुविधाओं से अवगत कराया जाएगा। साथ ही, स्किल डेवलपमेंट से जुड़े विभिन्न कोर्स की जानकारी भी दी जाएगी।

विश्वविद्यालय ने इस अवसर पर उद्योग जगत, स्वास्थ्य क्षेत्र और शैक्षणिक जगत के विशेषज्ञों को आमंत्रित किया है। ये विशेषज्ञ विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा, व्यक्तित्व निर्माण और समाज में योगदान की भूमिका पर मार्गदर्शन देंगे।

कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य सिर्फ डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि छात्रों को बेहतर नागरिक के रूप में तैयार करना है। इसलिए इंडक्शन प्रोग्राम में व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ाने पर विशेष बल दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और खेलकूद प्रतियोगिताएँ भी आयोजित होंगी, ताकि छात्र विश्वविद्यालय के माहौल में आसानी से घुल-मिल सकें और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि इंडक्शन प्रोग्राम के साथ ही नये सत्र की शुरुआत एक सकारात्मक और प्रेरणादायी वातावरण में होगी। यह आयोजन छात्रों को जीवन के हर क्षेत्र में सफलता पाने की प्रेरणा देगा और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *