रांची। सरला बिरला विश्वविद्यालय के छात्रों का इस साल प्लेसमेंट रिकॉर्ड काफ़ी बेहतरीन रहा। नौकरियां पाने में यहाँ के छात्रों ने कीर्तिमान गढ़ा है। देश भर की कई नामी गिरामी कंपनियों में यहाँ के छात्रों ने बेहतर पैकेज पर नौकरियां पाने में सफलता प्राप्त की है। विश्वविद्यालय के माननीय महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक एवं माननीय कुलपति प्रो. सी. जगनाथन के निर्देशन में विवि का प्लेसमेंट विभाग लगातार छात्रों का करियर संवारने हेतु प्रयासरत है। इस साल अब तक विवि के विभिन्न संकायों के 417 छात्र-छात्राओं का प्लेसमेंट हो चुका है। यह प्रक्रिया अब भी जारी है। इस वर्ष कड़ी स्पर्धा के बीच विवि के विद्यार्थियों ने डेलोइट, एक्सेंचर, टीसीएस, विप्रो, डी मार्ट, स्ट्रेडा, बिरला ओपस, लीप, चोलामंडलम इन्वेस्टमेंट फाइनेंस कंपनी लिमिटेड, आईडीबीआई बैंक, आईटीसी, एक्सिस बैंक, क्रॉस लिमिटेड, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल, मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड, बर्जर पेंट्स, आर्टेक एलएलपी, टाटा कैपिटल, टाटा एआईजी, फर्स्ट चॉइस रेडीमिक्स, ईएसएल स्टील लिमिटेड वेदांता जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में जगह बनाने में कामयाबी हासिल की है। टीसीएस बीपीएस में विवि के 67, एसेंचर में 28, टाटा कैपिटल में 32, अर्नेस्ट एंड यंग में 13, टीसीएस स्मार्ट और इग्नाइट में 19, विप्रो डब्ल्यूआईपीएल में 17, इनटेलीपाट में 16, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल में 10, ट्रांसरेल लाइटिंग लिमिटेड में 10, हाइक एजुकेशन में 10, गोदरेज एंड बॉयस मैन्युफैक्चरिंग लिमिटेड में 4, आईडीबीआई बैंक में 5, अपोलो टायर्स लिमिटेड में 17 और डी मार्ट में 6 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। विवि के माननीय प्रतिकुलाधिपति श्री बिजय कुमार दलान समेत माननीय राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने सरला बिरला विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।




