नववर्ष पर आगमन को ले पिकनिक स्पॉटों पर रहेगी पुलिस प्रशासन की कड़ी नजर, शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित : डीएम

Spread the love

 

सासाराम:- जिलाधिकारी, रोहतास उदिता सिंह ने जिले में नववर्ष एक जनवरी के अवसर पर शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि नववर्ष के दिन जिले के सभी प्रमुख पिकनिक स्थलों, पर्यटन स्थलों, जलप्रपातों, पार्कों एवं भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। विशेषकर दुर्गावती डैम, इंद्रपुरी डैम, मां तुतला भवानी धाम, मां ताराचण्डी धाम, मांझर कुंड, रोहतासगढ़ किला, महादेव खोह, शेरशाह सूरी मकबरा में विशेष निगरानी की बात कही गई। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों के पिकनिक स्थलों पर पहुंचने की संभावना रहती है, ऐसे में सतत निगरानी अत्यंत आवश्यक है।जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि पिकनिक स्थलों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाए। वाहनों की सघन जांच, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर, भीड़ नियंत्रण तथा यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या हुड़दंग की स्थिति में तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती व नियमित गश्ती के माध्यम से सतत निगरानी रखने पर विशेष बल दिया। बैठक में राज्य में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून को लेकर भी विशेष चर्चा की गई।जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध शराब की बिक्री, भंडारण एवं सेवन पर कड़ी नजर रखी जाए। शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाकर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर स्थिति पर लगातार नजर रखें और समय-समय पर स्थिति की जानकारी वरीय अधिकारियों को उपलब्ध कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *