पूर्व में प्रकाशित विज्ञापन को निरस्त करते हुए चौकीदार पदों की नियुक्ति हेतु नया विज्ञापन पुनः प्रकाशित किया जाएगा : डीसी

Spread the love

Saraikela :- जिले में पूर्व में प्रकाशित विज्ञापन को निरस्त करते हुए चौकीदार पदों की नियुक्ति हेतु नया विज्ञापन पुनः प्रकाशित करने का आदेश डीसी नीतीश कुमार सिंह ने दिया है. वे कल स्थापना समिति की बैठक में चौकीदार पदों के रिक्तीकरण एवं नियुक्ति प्रक्रिया की समीक्षा कर रहे थे. बता दें कि
समाहरणालय सभागार, सरायकेला में डीसी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय चौकीदार स्थापना समिति की बैठक आयोजित की गई थी. जिसमें डीसी ने निर्देश दिया कि सभी अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण कर चौकीदार बीटों के सृजन से संबंधित प्रस्ताव एक सप्ताह की अवधि के भीतर संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी को प्रेषित करें. इसके पश्चात अनुमंडल पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के अंचलों द्वारा प्राप्त प्रस्तावों की समीक्षा एवं परीक्षण कर, संतुष्ट होने की स्थिति में अनुमोदन प्रदान करें तथा एक सप्ताह के भीतर समेकित रूप से सभी प्रस्ताव जिला कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि चौकीदार पदों की स्वीकृति एवं चिन्हांकन से संबंधित विभागीय संप्रेषण हेतु अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके. बैठक में समिति द्वारा यह भी निर्णय लिया गया कि पूर्व में प्रकाशित विज्ञापन को निरस्त करते हुए चौकीदार पदों की नियुक्ति हेतु नया विज्ञापन पुनः प्रकाशित किया जाएगा. बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी गोपी उरांव, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला निवेदिता नियति, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल विकास राय, पुलिस उपाधिक्षक (मुख्यालय) प्रदीप उरांव , जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सह प्रभारी पदाधिकारी (सामान्य शाखा) अविनाश कुमार एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *