शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघ की बैठक में दी गई श्रद्धांजलि, संगठन को मजबूत बनाने पर जोर

Spread the love

जमशेदपुर :- शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघ, जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की ओर से मंगलवार को सुवर्णरेखा ऑडिटोरियम में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष श्री गंगाधर नाग ने की जबकि संचालन सचिव श्रीमती सीमा तिर्की ने किया। इस मौके पर संगठन के उपाध्यक्ष श्री चैतन्य शिरोमणि ने अपने विचार रखते हुए कहा कि “किसी भी संगठन की नींव उसकी विचारधारा पर टिकी होती है। हमारा संगठन समानता, न्याय, गरिमा, सम्मान और भाईचारे की विचारधारा को अपनाएगा। अगर किसी भी कर्मचारी भाई-बहन का शोषण या अपमान होता है तो हम सब मिलकर उसके खिलाफ आवाज उठाएंगे।”

श्री शिरोमणि ने संगठन में पारदर्शिता पर विशेष जोर देते हुए संगठन का बैनर, मोहर, लेटर पैड और बैंक डिटेल्स प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को फिक्सेशन, वेतन और पेंशन समय पर मिलना चाहिए। साथ ही संगठन ने यह लक्ष्य तय किया कि वह झारखंड विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के साथ मिलकर ACP/MACP की मांग को लेकर संघर्ष जारी रखेगा।

बैठक में कोषाध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी जाल ने कहा कि संगठन की मजबूती तभी संभव है जब सभी सदस्य शिक्षित होकर संघर्ष के लिए तैयार रहें। वहीं अन्य वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों के हर तरह के शोषण, उत्पीड़न और गैरबराबरी को खत्म करने के लिए संघ लगातार संघर्ष करेगा।

बैठक के अंत में संगठन के उपाध्यक्ष चैतन्य शिरोमणि के नेतृत्व में नारे लगाए गए  जिनसे पूरे परिसर में उत्साह और एकजुटता का माहौल गूंज उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *