सोना देवी विश्वविद्यालय में दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि, शोक सभा का आयोजन

Spread the love

घाटशिला:- सोना देवी विश्वविद्यालय, घाटशिला में आज दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई और एक शोक सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में शोक की भावना व्याप्त रही और सभी ने मौन धारण कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान सोना देवी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रभाकर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु जी के जाने से प्रदेश की राजनीति में ही नहीं, बल्कि देश की राजनीति में भी एक युग का अंत हो गया है। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि एक आंदोलन थे, जिन्होंने आजीवन पिछड़े और आदिवासी वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। प्रभाकर सिंह ने यह भी कहा कि ईश्वर उनके परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें और राज्यवासियों को उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा दें।

शोकसभा में कुलसचिव डॉक्टर गुलाब सिंह आजाद, सभी संकायों के विभागाध्यक्ष, सहायक प्राध्यापकगण तथा विश्वविद्यालय के अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे। सभी ने गुरुजी के व्यक्तित्व, कृतित्व और संघर्षशील जीवन को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *