राजधानी रांची में एक सब्जी विक्रेता के साथ जमीन और ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 4.94 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि दो युवकों ने उसे कम समय में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर निवेश करने के लिए प्रेरित किया। आरोपियों की बातों में आकर उसने अलग-अलग किस्तों में कुल 4.94 लाख रुपये दे दिए। कुछ समय बाद जब उसने अपनी रकम और मुनाफा वापस मांगा तो आरोपी टालमटोल करने लगे।


पीड़ित का आरोप है कि लगातार पैसे की मांग करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण उसे रांची छोड़कर दूसरी जगह जाकर रहना पड़ा। उसने यह भी कहा कि इस घटना से उसे आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक प्रताड़ना भी झेलनी पड़ी और उसका परिवार भी भय के माहौल में जी रहा है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है, जिसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से किसी भी निवेश, ट्रेडिंग या जमीन संबंधी सौदे से पहले पूरी जांच-पड़ताल करने की अपील की गई है।

