झारखंड में जमशेदपुर, धनबाद, रांची और गिरिडीह लोकसभा सीट के लिए मतदान शुरू, कई मतदान केंद्रों पर लगी लंबी कतारें…

Spread the love

न्यूजभारत20 डेस्क/जमशेदपुर/रांची :- झारखंड में रांची, जमशेदपुर, धनबाद और गिरिडीह लोकसभा सीट के लिए सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हुआ। मतदान शुरू होने के पहले ही कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही है। हर मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है और चुनाव आयोग की ओर से वेवकास्टिंग के माध्यम से मतदान पर नजर रखी जा रही है।

झारखंड की चार लोकसभा क्षेत्रों गिरिडीह, धनबाद, रांची और जमशेदपुर के लिए सुबह सात बजे से मतदान प्रारंभ है। इन चार संसदीय क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 82,16,506 मतदाता हैं। इनमें 42,06,926 पुरुष और 40,09,290 महिला मतदाता हैं। कुल बूथों की संख्या 8963 है। इनमें से 1319 बूथ शहरी क्षेत्र में और 3685 बूथ ग्रामीण इलाके में हैं।

जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र के 18.69 लाख मतदाता करेंगे वोट

जमशेदपुर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 18,69,278 मतदाता हैं। जिनमें 9,37,412 पुरुष और 9,31,733 महिला मतदाता हैं। इस संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 1887 बूथ हैं। उनमें 688 शहरी क्षेत्र में और 1199 ग्रामीण इलाके में हैं।

गिरिडीह संसदीय क्षेत्र के 18.64 लाख मतदाता करेंगे वोट

छठे चरण में गिरिडीह, जमशेदपुर, रांची और धनबाद संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में मतदान सुबह सात बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। जिस बूथ पर शाम पांच बजे तक मतदाता कतार में होंगे, उनके मतदान तक मतदान प्रक्रिया जारी रहेगी। गिरिडीह संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 18,64,660 मतदाता हैं। जिनमें 9,60,489 पुरुष और 9,04,163 महिला मतदाता हैं। गिरिडीह संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2160 बूथ हैं। उनमें 408 शहरी क्षेत्र में और 1762 ग्रामीण इलाके में हैं।

धनबाद संसदीय क्षेत्र के 22.85 लाख मतदाता करेंगे वोट

धनबाद संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 22,85,237 मतदाता हैं। जिनमें 11,96,501 पुरुष और 10,88,656 महिला मतदाता हैं। इस संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2539 बूथ हैं। उनमें 1316 शहरी क्षेत्र में और 1223 ग्रामीण इलाके में हैं।

धनबाद संसदीय क्षेत्र के 21.97 लाख मतदाता करेंगे वोट

रांची संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 21,97,331 मतदाता हैं। जिनमें 11,12,524 पुरुष और 10,84,738 महिला मतदाता हैं। इस संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2377 बूथ हैं। उनमें 949 शहरी क्षेत्र में और 1428 ग्रामीण इलाके में हैं।

सभी 8963 बूथों पर वेब कास्टिंग से रखी जा रही नजर

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा है कि छठे चरण के चार संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों के सभी 8963 बूथों पर कंट्रोल रूम से वेब कास्टिंग से नजर रखी जा रही है। यही जिम्मेदारी जिला निर्वाचन पदाधिकारी अपने कंट्रोल रूम से निभाएंगे। हर बूथ के भीतर और बाहर 4-डी कैमरे लगे हैं। सभी बूथों पर प्राथमिक सुविधाएं बहाल की गयी हैं।

स्पीडी वोटिंग के लिए मतदान कर्मियों को निर्देश

निर्वाचन आयोग वेब कास्टिंग की मदद से वोटिंग स्पीड की भी मॉनिटरिंग करेगा और जरूरत के अनुसार मतदानकर्मियों को निर्देशित किया जाएगा। स्पीडी वोटिंग के लिए मतदानकर्मियों को ट्रेनिंग भी दी जा चुकी है, ताकि मतदाता को मतदान के लिए कतार में ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़े।

186 बूथों पर महिलाएं और 22 पर युवा संभालेंगे व्यवस्था

छठे चरण में सभी चरणों से अधिक 82,16,506 मतदाता हैं। आसमें सर्वाधिक 22,85,237 मतदाता धनबाद संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में हैं। जबकि, सबसे कम 18,64,660 मतदाता गिरिडीह संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में हैं। कुल 8963 बूथों में से 186 बूथों पर महिलाएं और 22 पर युवा व्यवस्था संभालेंगे।

वहीं 15 यूनिक बूथ हैं, जिसे विशेष तरह से विकसित किया गया है। छठे चरण के चुनाव में कुल 290 थर्ड जेंडर के मतदाता हैं। उनमें जमशेदपुर में 133, धनबाद में 80, रांची में 69 और गिरिडीह में 8 थर्ड जेंडर के मतदाता मतदान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *