जमशेदपुर:- जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के खूंटाडीह मस्जिद के पास जुलूस के दौरान एक युवक द्वारा खुलेआम हथियार लहराने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि वीडियो में मौके पर पुलिसकर्मी भी मौजूद दिख रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।


थाना प्रभारी की ओर से सफाई दी गई है कि वह हथियार असली बंदूक नहीं, बल्कि “एयर गन” था। लेकिन बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या किसी भी सार्वजनिक जुलूस में इस तरह एयर गन लहराना जायज है? और अगर वह एयर गन था भी, तो क्या उसके लिए आवश्यक अनुमति (लाइसेंस/वैधता) मौजूद थी?
कानूनी जानकारों के अनुसार, भले ही एयर गन को पारंपरिक आग्नेयास्त्र की श्रेणी में सख्ती से नहीं रखा जाता, लेकिन सार्वजनिक स्थान पर उसे इस तरह लहराना कानून-व्यवस्था के लिए खतरा माना जा सकता है। इससे अफरा-तफरी या डर का माहौल बन सकता है, जो पुलिस कार्रवाई का आधार बन सकता है।
फिलहाल इस पूरे मामले में न तो एयर गन की वैधता को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने आई है और न ही संबंधित व्यक्ति पर किसी कार्रवाई की पुष्टि हुई है। ऐसे में सवाल यह है कि क्या नियमों को नजरअंदाज कर खुलेआम इस तरह का प्रदर्शन अब सामान्य होता जा रहा है, या फिर प्रशासन इस मामले में कोई ठोस कदम उठाएगा?

